उत्तराखंड

खोई-पाई कांवड़ों को मिलेगा विधिवत समापन, राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट चलाएगा महासेवा अभियान

कलयुग दर्शन (24×7)

विनय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। श्रावण मास में शिवभक्तों की आस्था से जुड़ी खोई-पाई एवं खंडित कांवड़ों को सम्मानपूर्वक विधिवत समापन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट (R.S.S.T.) द्वारा महासेवा अभियान चलाया जा रहा है। संगठन की सेवा टीम हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जाने वाले कांवड़ियों के रास्ते में छूट गई, टूट गई अथवा किसी कारणवश खंडित हुई कांवड़ों को एकत्रित कर रही है। संगठन के अनुसार, अब तक करीब 3 हजार कांवड़ एकत्रित की जा चुकी हैं। सेवा दल की गाड़ियां लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जाकर कांवड़ एकत्रित कर रही हैं। सोमवार रात्रि तथा मंगलवार सुबह भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। संगठन का अनुमान है कि अभियान के दौरान करीब 10 हजार से 15 हजार कांवड़ एकत्रित की जा सकती हैं।

11 अगस्त को होगा विधिवत समापन
राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट द्वारा एकत्रित की गई कांवड़ों का विधिवत पूजा-पाठ एवं समापन कार्यक्रम 11 अगस्त 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे छठ घाट, बहादराबाद, गंग नहर पटरी मार्ग, लोहे का पुल, हरिद्वार पर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी, जिला एवं प्रदेश संरक्षक, जिला एवं प्रदेश अध्यक्ष तथा स्वयंसेवक कार्यकर्ता एकत्रित कांवड़ों की विधिवत पूजा-पाठ करेंगे और उन्हें महादेव को समर्पित करते हुए जलाभिषेक करेंगे। संगठन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य “एक भी कांवड़ व्यर्थ न जाए, हर कांवड़ पहुंचे शिव तक” के संकल्प को साकार करना है। शिवभक्तों की आस्था से जुड़ी इन कांवड़ों को अपमानित होने से बचाते हुए धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार उनका समापन किया जाएगा। इस महासेवा अभियान में राष्ट्रीय सचिव अलका सैनी, जिला उपाध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, जिला मंत्री काली चरण, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चेतन चौधरी, अभय सैनी, सार्थक सैनी, अपूर्वा सैनी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक सक्रिय रूप से सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ संगठन ने आमजन से भी इस सेवा अभियान में सहयोग की अपील की है।

 

Related Articles

Back to top button