उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम मयूर दीक्षित ने दिए समयबद्ध व्यवस्थाओं के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित हुई। डीएम ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 9 बजे सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण तथा सुबह 9:30 बजे जिला कार्यालय परिसर में मुख्य अतिथि/जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, खेलकूद, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, निबंध लेखन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सरकारी भवनों को 14 अगस्त की रात से रोशन किया जाएगा तथा मुख्य चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। रक्तदान शिविर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान तथा खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।

कांवड़ मेले के बाद विशेष स्वच्छता अभियान: डीएम ने बताया कि 12 अगस्त से जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं व्यापार मंडलों से अभियान में सहयोग की अपील की। 15 अगस्त को कार्यालय परिसरों में वृहद वृक्षारोपण भी किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, सीओ सदर एसपी बलूनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button