जनपद में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वंदेमातरम का गायन किया गया। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी एवं निष्ठा से दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला व शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कांवड़ मेले के दौरान गंगा में बह रहे श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू करने वाले बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के सूबेदार कुलविंदर सिंह को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आनंदमयी सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया।

अधिकारियों व कर्मचारियों ने चंदन एवं गुलमोहर के करीब 100 पौधे भी लगाए। कार्यक्रम में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस-एनडीआरएफ जवान, स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया।




