हरिद्वार पुलिस ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। पुलिस अधीक्षक अपराध निशा यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

समारोह में पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित कर उन्हें जनता की सेवा में और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभिन्न स्तरों पर पदक एवं प्रशस्ति प्राप्त करने वाले उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद हरिद्वार के 18 अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड एवं सिल्वर तथा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभय कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया।

वहीं सीओ शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ संजय चौहान और निरीक्षक गोविंद कुमार को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। विगत 26 जनवरी को चयनित 10 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य एवं सेवा के आधार पर सम्मानित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में ध्वजारोहण किया। जनपद के समस्त थानों एवं पुलिस कार्यालयों में भी हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।



