नशे पर रोक को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन मैकेनिज्म की बैठक हुई। बैठक में जनपद को नशा मुक्त बनाने और नशीले पदार्थों की बिक्री व तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की समीक्षा की गई। डीएम ने शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर दायरे में गुटका, तंबाकू व नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए। मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित व नशीली दवाओं की बिक्री की नियमित जांच के भी निर्देश दिए गए।

नशा मुक्ति केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और उपचार सुविधाओं की जांच करने तथा स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। डीएम ने आमजन से नशे की बिक्री या तस्करी की सूचना हेल्पलाइन 1933 पर देने की अपील की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, सचिव जिला विधिक प्राधिकरण सिमरनजीत कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर नेहा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



