उत्तराखंड

समुद्र मंथन की थीम पर सजेगा कुंभ का स्वागत द्वार

मंडावर से दिखेगी देवभूमि की सांस्कृतिक झलक

कलयुग दर्शन (24×7)

विजय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 में हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए उत्तर प्रदेश सीमा पर मंडावर-छुटमलपुर में भव्य स्वागत द्वार बनाया जा रहा है। समुद्र मंथन की थीम पर तैयार हो रहा यह द्वार कुंभ की आध्यात्मिक परंपरा और देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान की झलक प्रस्तुत करेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए जा रहे इस स्वागत द्वार के लिए राज्य सरकार ने 204.19 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। करीब साढ़े छह मीटर ऊंचे इस द्वार के आसपास सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को कुंभ नगरी में प्रवेश करते ही भव्य और उत्सवपूर्ण वातावरण का अनुभव हो।

निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मंडावर का यह स्वागत द्वार उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार की पहली भव्य झलक बनेगा।

Related Articles

Back to top button