कांवड़ मेला खत्म होते ही स्वच्छता अभियान तेज
प्लास्टिक और कचरा हटाकर दिया स्वच्छ हरिद्वार का संदेश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन के ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ अभियान के तहत सोमवार को शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने सिंह द्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक, सतनाम साक्षी घाट और अग्रसेन घाट तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के नेतृत्व में कैडेट्स ने प्लास्टिक, पॉलिथीन, रैपर, कपड़े, जूते-चप्पल सहित अन्य कचरा एकत्र कर सुरक्षित निस्तारण के लिए सौंपा। अभियान में विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट, एनसीसी प्रशिक्षक आशीष राजपूत व मनोज कुमार सहित बॉयज एवं गर्ल्स प्लाटून ने सहभागिता की। प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए स्वच्छता अभियान जारी रखने की बात कही।




