उत्तराखंड

सुरक्षा के नाम पर आइसक्रीम पार्लर बंद कराने का आरोप, व्यापारियों ने एसएसपी से लगाई गुहार

रात्रि में आइसक्रीम पार्लर बंद कराने और चालान किए जाने पर जताई नाराजगी

कलयुग दर्शन (24×7)

हिमांशु (संवाददाता)

हरिद्वार। न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चौक व्यापार मंडल के व्यापारियों ने अध्यक्ष मृदुल कौशिक के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान की मांग की। व्यापार मंडल अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने एसएसपी को बताया कि ज्वालापुर पुलिस द्वारा चंद्राचार्य चौक क्षेत्र में देर रात तक संचालित होने वाले आइसक्रीम पार्लरों को सुरक्षा कारणों का हवाला देकर बंद कराया जा रहा है और व्यापारियों के चालान भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आइसक्रीम पार्लर का कारोबार मुख्य रूप से सीजनल होता है और अधिकांश ग्राहक रात के समय ही यहां पहुंचते हैं। ऐसे में दुकानों को जबरन बंद कराए जाने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि चंद्राचार्य चौक के आइसक्रीम पार्लर पुलिस पिकेट से कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई समस्या है तो उसका समाधान किया जाए, लेकिन व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

महामंत्री दीपक अग्रवाल ने कहा कि दुकानों के संचालन के समय को लेकर केंद्र या राज्य सरकार की ओर से ऐसी कोई स्पष्ट गाइडलाइन जारी नहीं की गई है, जबकि इन प्रतिष्ठानों पर ऐसा कोई कार्य नहीं होता, जिससे कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो। कोषाध्यक्ष सुनील गुलाटी ने आरोप लगाया कि रात में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी दुकानों पर पहुंचते हैं और कई बार व्यापारियों के साथ उनका व्यवहार उचित नहीं रहता। वहीं, संगठन मंत्री हिमांशु सैनी ने कहा कि एक ही शहर और एक ही कोतवाली क्षेत्र में पुलिस के अलग-अलग नियम लागू होने से दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों ने बताया कि पूर्व में भी कोतवाली प्रभारी को इस समस्या से अवगत कराया गया था, जिसके बाद कुछ समय तक राहत मिली थी। लेकिन अब दोबारा कार्रवाई शुरू होने से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सतनाम भाटिया, राजकुमार, अशोक अग्रवाल, योगेश कुमार, कार्तिक शर्मा, उममेंदर सिंह, प्रेम थापा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button