उत्तर प्रदेश

नाग पंचमी पर महादेव का हुआ महा रुद्राभिषेक

कलयुग दर्शन (24×7)

अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)

सहारनपुर। राधा विहार स्थित औघड़ दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में श्रावण मास पूजा के अंतर्गत नाग पंचमी पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान महादेव का दूध, दही, घृत, मधु एवं शक्कर से महास्नान कराया गया तथा विधि-विधान से नागदेव की पूजा-अर्चना की गई। शिव सहस्रनाम, शिव महिम्न स्तोत्र एवं रुद्री पाठ के साथ भगवान शिव का महा रुद्राभिषेक किया गया। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को चांदी के नाग-नागिन अर्पित किए और दुग्धाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। नाग पंचमी की महिमा का वर्णन करते हुए स्वामी कालेंद्रानंद जी महाराज ने कहा कि नागदेव प्रकृति के संरक्षक देव हैं। नाग पंचमी पर नागदेव की पूजा करने तथा भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं भुजंग स्तोत्र का पाठ करने से सर्प दोष आदि के भय से मुक्ति मिलने की धार्मिक मान्यता है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में नागदेवताओं के आठ प्रमुख स्वरूप माने गए हैं।

सर्प प्रकृति और जीव-जगत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महाराज श्री ने कहा कि संपूर्ण प्रकृति नागदेव की कुंडली में स्थित मानी गई है और जीव को बंधनों से मुक्त होने के लिए शिव के ज्ञान मार्ग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिव की शरणागति ही मोक्ष और मुक्ति का मार्ग है। स्वामी कालेंद्रानंद जी महाराज ने श्रद्धालुओं से नाग पंचमी के अवसर पर भगवान शिव का रुद्राभिषेक करने और नागदेव की पूजा-अर्चना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ नागों और प्रकृति के संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचाना आवश्यक है। इस अवसर पर रमेश चंद्र शर्मा, अश्विनी कंबोज, राजेंद्र धीमान, बबलू कश्यप, मनीष गुप्ता, शारदा, सुचेता, रीना, मुनेश, गीता, शैलेश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button