उत्तराखंड

सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत, सहायक कृषि अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगना खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को भारी पड़ गया। कृषि यंत्र खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सब्सिडी का आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की फाइल आगे बढ़ाने के बदले खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की। मंगलवार को सतर्कता टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर हुई इस कार्रवाई से संबंधित विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button