अमेरिकन आश्रम की संपत्ति की जांच की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। वार्ड-1 सप्तऋषि के पार्षद आकाश भाटी ने एचआरडीए उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर भूपतवाला स्थित अमेरिकन आश्रम स्वामी देवानंद ट्रस्ट की संपत्ति को लेकर सामने आ रही शिकायतों की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्षद ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट की भूमि पर कथित अवैध कब्जे, बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण, दुकानों के निर्माण और अवैध प्लॉटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने करीब तीन बीघा भूमि पर कथित कब्जे और चारदीवारी की भी जांच कराने की मांग की।

आकाश भाटी ने भूमि के स्वामित्व, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ मौके का निरीक्षण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण या कब्जा अवैध पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आने पर उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में मंडल अध्यक्ष शिवकुमार सैनी, एडवोकेट अंकित कुमार, धर्मशाला प्रबंधक समिति के महामंत्री मनोज बिष्ट सहित कई लोग शामिल रहे।



