निरंतर जारी है स्वामी कैलाशानंद गिरी की शिव साधना
पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने किया स्वामी कैलाशानंद गिरी के सानिध्य में रूद्राभिषेक

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। श्री दक्षिण काली मंदिर में आयोजित निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी की विशेष शिव साधना अनवरत् रूप से जारी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु साधना में सम्मिलित होने के लिए पहुंच रहे हैं। बुधवार को निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर स्वामी कैलाशानंद गिरी के सानिध्य में रूद्राभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि भगवान शिव और मां श्री दक्षिण काली की कृपा से सभी का कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि सावन में की गयी भगवान शिव की आराधना और साधना कभी निष्फल नहीं जाती। जो जिस मनोकामना से भगवान शिव की आराधना करता है।

भगवान शिव उसकी मनोकामना अवश्य पूरी करते हैं। पूर्व सांसद संजय निषाद ने कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी विद्वान संत और परम् शिवभक्त हैं। उनके सानिध्य में भगवान शिव का रूद्राभिषेक करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात है। स्वामी कैलाशानंद गिरी के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि श्रावण पूर्णिमा तक चलने वाली गुरूदेव की साधना में कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। इस अवसर पर स्वामी बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी सहित कई संत व श्रद्धालु मौजूद रहे।



