सौतेली बेटी ने प्रेमी संग रची मां की हत्या की साजिश
18 घंटे में मंगलौर पुलिस ने किया महिला हत्याकांड का खुलासा

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का पुलिस ने महज 18 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या उसकी सौतेली बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 18 अगस्त को गंगनहर किनारे एक महिला का शव मिला था। महिला के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए और मामले के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच में सामने आया कि मृतका की सौतेली बेटी का एक युवक से प्रेम प्रसंग था, जिसे महिला पसंद नहीं करती थी। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों महिला को मंदिर जाने की बात कहकर ब्रेजा कार से लेकर निकले। आरोप है कि रास्ते में उन्होंने महिला की हत्या कर शव को मंगलौर गंगनहर पुल के पास ठिकाने लगाने का प्रयास किया, लेकिन शव नहर किनारे ही अटक गया। पुलिस ने मामले में सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



