सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करे सरकार, अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा: अमन गर्ग

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की है। प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर संघर्ष करती रही है। अमन गर्ग ने कहा कि हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड सहित देशभर में धरना-प्रदर्शन किए। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अंकिता के परिजनों के लगातार दबाव के बाद सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन कई महीने बीतने के बावजूद जांच किस दिशा में आगे बढ़ी है और अब तक क्या महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के परिजनों द्वारा भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं पर लगाए गए आरोपों का सीबीआई जांच में अब तक कोई स्पष्ट उल्लेख सामने नहीं आया है। अमन गर्ग ने कहा कि हाल ही में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर सीबीआई जांच में हो रही देरी से अवगत कराया और न्याय दिलाने में सहयोग की मांग की। राहुल गांधी ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने मांग की कि सीबीआई जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों को जनता के सामने रखा जाए। मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी तथा कथित षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और अंकिता भंडारी के परिवार को पूर्ण न्याय दिलाया जाए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर और संतोष चौहान ने भी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीपी सिंह और महेश प्रताप राणा ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



