उत्तराखंड

अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कब्जे का आरोप, जांच न होने पर पैदल मार्च की चेतावनी

समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने आश्रम गेट के सामने दिया धरना, प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित अमेरिकन आश्रम की संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। आश्रम की भूमि पर कथित कब्जे और संपत्ति को खुर्द-बुर्द किए जाने का आरोप लगाते हुए शिव नगर रानीगली निवासी समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने अमेरिकन आश्रम के मुख्य गेट के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। नितिन यादव यदुवंशी ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफिया आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि आश्रम की कई बीघा भूमि को दूसरी संपत्ति में मिलाकर रातों-रात सीमेंट की दीवार खड़ी कर दी गई है, जिससे आश्रम की जमीन पर कब्जा किए जाने की आशंका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो क्षेत्रवासियों के साथ अमेरिकन आश्रम से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा।

समाजसेवी कपिल जौनसारी एवं हिमांशु वर्मा ने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस संपत्ति पर कब्जे की कोशिशें होती रही हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी जिला मजिस्ट्रेट एवं सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। स्थानीय निवासी दिनेश खड़का, ओम मलिक एवं रितेश ने प्रशासन से मांग की कि अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कथित कब्जे की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए। धरना प्रदर्शन में शिवकुमार राजपूत, शुभम जोशी, लव पांडे, करन पंत, मोनू राजपूत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button