रक्षा बंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी
मिठाई विक्रेता का चालान, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। रक्षा बंधन और जन्माष्टमी के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों और मिष्ठान विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करते हुए मावा, घेवर और पनीर के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए। कनखल की एक डेयरी से पनीर के दो नमूने लिए गए। जगजीतपुर के एक रेस्टोरेंट और भूपतवाला की निर्माण इकाई के खिलाफ बिना खाद्य पंजीकरण के कारोबार करने पर चालानी कार्रवाई की गई। दोनों को पंजीकरण होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने कुछ अन्य प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी किए। अधिकारियों ने बताया कि अभियान रक्षा बंधन और जन्माष्टमी तक जारी रहेगा।




