ढंढेरा में देर रात गोलीबारी, एक युवक की मौत, साथी गंभीर

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। सिविल लाइंस कोतवाली रुड़की क्षेत्र के ढंढेरा में देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। शिवालिक स्कूल के पास बदमाशों ने दो युवकों पर कथित तौर पर गोली चला दी। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अमन पुत्र सुभाष, निवासी हरिजन बस्ती ढंढेरा के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अमन ढंढेरा स्थित एक शराब की कैंटीन में काम करता था। देर रात वह अपने साथी प्रशांत के साथ था। इसी दौरान बदमाशों ने दोनों को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रशांत की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आपसी रंजिश, विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।



