उत्तराखंड

सतगुरु लाल दास महाराज ने समाज को सेवा, सत्य और भक्ति का मार्ग दिखाया: धामी

संतों के सानिध्य से धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की मिलती है प्रेरणा

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्री ब्रह्म निवास आश्रम, सप्तसरोवर रोड भूपतवाला में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने सतगुरु लाल दास महाराज को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने आध्यात्मिकता को प्राथमिकता देते हुए समाज को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी वाणी में अद्भुत शक्ति और दृष्टि में असीम करुणा थी। उन्होंने समाज को जोड़ने का कार्य किया और जीवनभर सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सानिध्य और सतगुरु की कृपा मिलना सौभाग्य की बात है। संत समाज ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके मार्गदर्शन से समाज को धर्म और संस्कृति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि देश में सनातन धार्मिक संस्कृति के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल चल रहा है।

अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी कॉरिडोर और उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के साथ मंदिर माला मिशन के तहत विभिन्न मंदिरों का पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इससे दुर्गम तीर्थ स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी। हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर, आस्था पथ तथा शारदा और यमुना तटों के विकास के कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के मूल स्वरूप, पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अवैध निर्माण और देवभूमि की संस्कृति व सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस अवसर पर सतगुरु चेतनानंद जी भूरी वाले ने बताया कि संस्था पिछले 57 वर्षों से निरंतर अखंड भोजन सेवा चला रही है और गरीबों की सेवा के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज, मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, ओमप्रकाश जमदग्नि, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित साधु-संत और विभिन्न प्रदेशों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button