सनातन धर्म का सबसे बड़ा उत्सव है कुंभ मेला: स्वामी भगवती पुरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। महामंडलेश्वर स्वामी भगवती पुरी महाराज ने जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज और अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। निरंजनी अखाड़े में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से भेंटवार्ता के दौरान स्वामी भगवती पुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेला सनातन धर्म का सबसे बड़ा उत्सव है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में हरिद्वार कुंभ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न होगा। स्वामी भगवती पुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेले में सभी तेरह अखाड़े भाग लेंगे। कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार के गंगा तट पर संतों के विशाल संगम और उनकी दिव्य वाणी से प्रसारित होने वाले आध्यात्मिक संदेशों से पूरे विश्व को मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

स्वामी भगवती पुरी ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालु भक्तों को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करने के साथ गंगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखंड सरकार लगातार विकास कार्य करा रही है। जिसका लाभ संतों, श्रद्धालुओं और हरिद्वार की स्थानीय जनता को मिलेगा।



