उत्तराखंड

हिमालयन एमएसएमई एक्सपो में कृषि व ऑर्गेनिक उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

एमएसएमई रोजगार सृजन के साथ अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा: आदेश चौहान

कलयुग दर्शन (24×7)

विनय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन छात्रों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने एक्सपो का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और कृषि एवं बागवानी से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने कृषि, हॉर्टिकल्चर, ऑर्गेनिक उत्पादों, स्टार्टअप और एमएसएमई से जुड़ी जानकारी हासिल की। तेलंगाना के फल-फूल से तैयार उत्पाद, सिक्किम के ऑर्गेनिक उत्पादों से बने शरबत समेत विभिन्न राज्यों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। वाइब्रेंट उत्तराखंड के तत्वावधान में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित एक्सपो में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभागों और कंपनियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। छात्रों ने विशेष रूप से ऑर्गेनिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराते हैं। एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। आयोजक भारत बालियान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। छोटे उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। एक्सपो का उद्देश्य देशभर के उद्यमियों, किसानों, उत्पादकों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है।

Related Articles

Back to top button