PM-RAHAT योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर दुर्घटना पीड़ितों को दिलाएं कैशलेस उपचार का लाभ: जिलाधिकारी
अस्पतालों में फ्लेक्स-बैनर लगाकर योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में विगत दिवस सीसीआर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस, स्वास्थ्य एवं सूचना विभाग को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर उपचार के साथ योजना का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से अस्पतालों में फ्लेक्स एवं बैनर के माध्यम से PM-RAHAT योजना का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचते ही योजना की जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को निर्देशित किया कि जनपद के सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना के तहत कैशलेस उपचार का लाभ मिले।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना का प्रभावी क्रियान्वयन और जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समयबद्ध चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने देने पर विशेष जोर दिया गया।




