उत्तराखंड

तमंचे के बल पर लूट का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल, नकदी, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। भगवानपुर थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 1,000 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल, 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को डेलना निवासी मनीराम पुत्र चांद सिंह ने भगवानपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनका मोबाइल फोन व 2,420 रुपये नकद लूट लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और वारदात के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आरोपितों के संभावित आवागमन वाले मार्गों के डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण किया।

साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश की गई। लगातार प्रयासों के बाद 10 सितंबर को पुलिस ने लूट में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद उमर पुत्र आफताब निवासी माधोपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, शाहनवीर पुत्र इस्फाक निवासी सिरचन्दी, थाना भगवानपुर तथा फैजान पुत्र इरफान निवासी सिकन्दरपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मोबाइल फोन, 1,000 रुपये नकद, हीरो मोटरसाइकिल, 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button