उत्तराखंड

जिला सैनिक परिषद की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर मंथन

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। जिला सैनिक परिषद की तृतीय त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में श्री गोविंद बल्लभ पंत सभागार, रोशनाबाद में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं, ब्लॉक प्रतिनिधियों तथा पूर्व सैनिक कल्याण समिति लालढांग के पदाधिकारियों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (सेवानिवृत्त) ने बैठक का संचालन करते हुए पिछली त्रैमासिक बैठक में उठाए गए मुद्दों तथा उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शहीद स्मारक के लिए भूमि चिन्हीकरण, लालढांग बाजार से अतिक्रमण हटाने, पूर्व सैनिक की पत्नी का नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने, अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई, बिजली कटौती तथा घर-घर जलापूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इसके साथ ही चकरोड़ से अतिक्रमण हटाने तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर संबंधित थाना क्षेत्रों में बैठक आयोजित किए जाने की मांग भी रखी गई।

पूर्व सैनिकों और प्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से न केवल पूर्व सैनिकों को राहत मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी सुविधाएं प्राप्त होंगी। अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को सभी प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डॉ. सरिता पंवार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और उपस्थित पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, हरिद्वार के सभी कार्मिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button