उत्तराखंड

गणेशपुर में धंसती सड़कों और मकानों में दरारों को लेकर कांग्रेस का धरना

एडीबी के कार्यों की निष्पक्ष जांच, तकनीकी सर्वे और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

रुड़की। गणेशपुर क्षेत्र में लगातार धंस रही सड़कों और मकानों में आ रही दरारों को लेकर कांग्रेस ने जल संस्थान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा कि गणेशपुर के लोग लंबे समय से भय के माहौल में जी रहे हैं। सड़कें धंसने और मकानों में दरारें आने से लोगों की मेहनत की कमाई से बनाए गए घर खतरे की जद में हैं। उन्होंने एडीबी द्वारा कराए गए कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि यह केवल सड़क धंसने का मामला नहीं, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने क्षेत्र का तत्काल विशेषज्ञों की टीम से तकनीकी सर्वे कराने और प्रभावित मकानों का आकलन कराने की मांग की। पूर्व प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने तकनीकी सर्वे, प्रभावित मकानों का आकलन, पीड़ित परिवारों को उचित सहायता तथा एडीबी के कार्यों की गुणवत्ता एवं खर्च की निष्पक्ष जांच की मांग की। काफी देर बाद जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता ने धरना स्थल पर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से वार्ता की। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत विभाग को प्राप्त हुई है और गणेशपुर में संबंधित कार्य एडीबी योजना के तहत हुआ है, जिसे जल संस्थान ने स्वयं नहीं कराया है। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित पत्रावली भी कांग्रेस प्रतिनिधियों को दिखाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने पूर्व पार्षद संजय गुड्डू से चर्चा के बाद गणेशपुर में सीवरेज के लिए समानांतर दूसरी लाइन बिछाने का सुझाव दिया, जिस पर जल संस्थान के अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कराने की मांग भी की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जनता को साथ लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।

धरने में मुनफैत अली, शमशाद चेयरमैन, डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, मदन पाल भड़ाना, यासमीन खान, विकास त्यागी, सुनील शर्मा, मिंटू प्रधान, पूर्व पार्षद सालिम गौड़, सुभाष चंद्र शर्मा, जेके शर्मा, मनोज सैनी, प्रधान जसवीर सिंह, मीर हसन प्रधान, प्रमोद भटनागर, भूषण त्यागी, विशाल सहगल, लवी त्यागी, गौरव प्रधान, शकील अहमद, नीरज सैनी, रिजवान अहमद, डॉ. इरशाद मीर, नूर हसन अंसारी, शमशेर अली, सुभाष चौधरी, नूर आलम राजा, पंडित वीरेंद्र शर्मा, उज्जवल पंडित, विक्रांत पुंडीर, मोनू त्यागी, नवीन जैन, गुलफाम खान, जाकिर हुसैन, प्रमोद धारिया, कामिल माही, डॉ. राजेंद्र सैनी, बॉबी सैनी, राज कुमार, सरवर कुरैशी, अनूप शर्मा व तुषार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button