ई-रिक्शा में सवारी को लूटने वाले तीन शातिर गिरफ्तार
लूटा गया सामान, नकदी और वारदात में प्रयुक्त लोहे का औजार बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा में सवारी को सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान, नकदी, दस्तावेज, कपड़े तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का औजार और ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर की रात पवन कुमार ई-रिक्शा से केवी स्कूल की ओर जा रहे थे। रास्ते में ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो अन्य युवकों ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर उन्हें डराया और उनका बैग, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज, जूते, जींस तथा नकदी लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर रानीपुर कोतवाली और सीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ पुराने अपराधियों की भी तलाश शुरू की। रविवार रात चेकिंग के दौरान लीडो क्लब जाने वाले कच्चे रास्ते पर एकांत स्थान में ई-रिक्शा में बैठे तीन संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से लूटा हुआ सामान बरामद हो गया। नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार, विजय और आयुष उर्फ अनिकेत के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय अकेली सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते और डराकर लूटपाट करते थे। आरोपियों ने राजा बिस्कुट के पास से सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर शिव मंदिर के पास वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक लूटी गई जींस आयुष उर्फ अनिकेत ने गिरफ्तारी के समय पहन रखी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, लूटा गया सामान, लोहे के औजार और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई में रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, सीआईयू प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट सहित पुलिस टीम शामिल रही।



