कुंभ विकास कार्यों में पारदर्शिता की मांग, कांग्रेस ने उठाए सवाल
परियोजनावार सूची, डीपीआर, टेंडर लागत और भुगतान की स्थिति सार्वजनिक करने की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
सोहन लाल (संवाददाता)
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुंभ विकास कार्यों में पारदर्शिता बरतने की मांग की। उन्होंने कहा कि कुंभ से लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हैं और करीब 709 करोड़ रुपये के विकास कार्य गतिमान हैं। ऐसे में सभी परियोजनाओं की जानकारी सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराई जानी चाहिए। अमन गर्ग ने मांग की कि परियोजनावार स्वीकृत लागत, डीपीआर, टेंडर लागत, संबंधित कंपनी का कार्यालय, भुगतान की स्थिति और निर्माण की समय सीमा सार्वजनिक की जाए। बड़े निर्माण कार्यों का स्वतंत्र थर्ड पार्टी तकनीकी ऑडिट कराकर रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा और स्थायी प्रकृति के कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने 61 करोड़ रुपये की लागत से सतीकुंड के सौंदर्यीकरण को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सतीकुंड की भूमि का वैधानिक स्वामित्व भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि स्पष्ट हो सके कि जिस भूमि पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वह किसके स्वामित्व में है।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुरली मनोहर एवं संतोष चौहान ने कहा कि कुंभ के विकास कार्य शहर हित में होने चाहिए और निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। महेश प्रताप राणा ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा जनता के पैसे का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करने की बात कही। प्रेस वार्ता में पार्षद विवेक भूषण विक्की, सोहित शेट्टी, हिमांशु गुप्ता, अंजू मिश्रा, ममता शर्मा, उत्कर्ष वालिया, हिमांशु राजपूत, अजय गिरी, सीपी सिंह, सत्येंद्र वर्मा, अरुण चौहान, रचना शर्मा, आशीष प्रधान, मुन्ना मास्टर आदि मौजूद रहे।



