ई-रिक्शा चालक समेत तीन लुटेरे गिरफ्तार
सुनसान रास्ते पर सवारी को नुकीली वस्तु के बल पर लूटा था, 24 घंटे में खुलासा

कलयुग दर्शन (24×7)
पारस कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक और उसके दो साथियों द्वारा सवारी को सुनसान रास्ते पर ले जाकर लूटने के मामले का रानीपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की 10 हजार रुपये की नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा तथा लोहे के औजार बरामद किए हैं। मामले की जानकारी एसपी सिटी अभय प्रताप ने पत्रकार वार्ता में दी। एसपी सिटी ने बताया कि 12 सितंबर की रात पवन कुमार राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुआ था। सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर चालक और ई-रिक्शा में पहले से बैठे दो युवकों ने उसे घेर लिया। नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर धमकाते हुए आरोपितों ने उससे 10 हजार रुपये, बैग, कपड़े, जूते और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। शिकायत के बाद रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की। 13 सितंबर की रात लीडो क्लब की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पुलिस ने ई-रिक्शा सवार तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी में उनके पास से लूटी गई नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते, लोहे का फर्सा और एंगल बरामद हुए। पुलिस के अनुसार लूटी गई जींस भी आरोपित आयुष उर्फ अनिकेत ने पहनी हुई थी। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान श्रवण कुमार (19) निवासी शाहजहांपुर, हाल सिडकुल बाईपास, विजय (20) निवासी बरेली, हाल रावली महदूद और आयुष उर्फ अनिकेत (20) निवासी धामपुर, बिजनौर, हाल रावली महदूद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने नशे, शौक और खर्च पूरे करने के लिए अकेली सवारियों को निशाना बनाने की बात स्वीकार की। विजय के खिलाफ रानीपुर थाने में वर्ष 2024 में शस्त्र अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपितों का चालान कर दिया है।



