गणेश चौक पर युवक ने खुद को चाकू से किया घायल, हायर सेंटर रेफर

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
रुड़की। सोमवार को गणेश चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली निवासी अरमान नामक युवक ने खुद को चाकू से घायल कर लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि युवक रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ आ रहा था। तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचने पर उसने अचानक खुद को चाकू से घायल कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले युवक ने बाजार की एक दुकान से 10 रुपये में चाकू खरीदा था।

कारणों की जांच में जुटी पुलिस:
युवक ने खुद को घायल क्यों किया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस उसकी पहचान और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। एसएसआई गंगनहर कोतवाली दीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच की जा रही है।



