जनसुनवाई में दर्ज हुईं 38 शिकायतें, 18 का मौके पर हुआ निस्तारण

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 38 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। नवोदय नगर गणेश एंक्लेव गली नंबर-6 के निवासियों ने पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई नाली को कवर कराने की मांग की। वहीं देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने मिलन केंद्र एवं शहीद स्मारक, दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया ने हरिद्वार स्थित बौद्ध विहार के पुनर्निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा अन्य फरियादियों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे, जलभराव और नदी कटाव से संबंधित समस्याएं रखीं। ज्ञानलोक कॉलोनी गली नंबर-10 के निवासियों ने गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से घरों में जलभराव की समस्या से अवगत कराया।

कृष्णा नगर रुड़की के गली नंबर-16 के लोगों ने सड़क एवं नाली का लेवल ऊंचा होने से जलभराव की आशंका जताते हुए उचित लेवल पर निर्माण कराने की मांग की। वहीं मजाहिंदपुर सतीवाला के ग्रामीणों ने नदी के कटाव को रोकने के लिए जल्द तटबंध निर्माण की मांग रखी। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीर्ष प्राथमिकता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश:
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 216 तथा एल-2 स्तर पर 58 शिकायतें लंबित हैं। अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं फरियादी मौजूद रहे।



