श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर मां मनसा देवी मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

इस दौरान श्रद्धालुओं को 76 किलो लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का विश्व में मान-सम्मान बढ़ा है और देश आर्थिक एवं सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और हिंदू समाज की लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा समाप्त हुई।

उन्होंने कहा कि सनातन जगत की आकांक्षा है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बने। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, महंत राज गिरी, मंदिर प्रबंधक महेश दुबे, स्वामी दिव्य आत्मानंद महाराज, विश्वास आनंद महाराज, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु मौजूद रहे।




