उत्तराखंड

रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण

कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासन ने चलाया अभियान, सड़क और फुटपाथ कराए खाली

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम की टीम और पुलिस बल शामिल रहा। अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ और पटरी पर लगाए गए अवैध खोखों, अस्थायी दुकानों तथा अन्य अतिक्रमण को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक मार्गों को खाली कराया। पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में अभियान का उद्देश्य यात्रियों एवं आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button