खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 13 नमूने लिए

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा आवंटित रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन के तहत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में हरिद्वार-दिल्ली हाईवे स्थित एक होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संचालक ने होटल के लिए खाद्य लाइसेंस लिया था, जबकि उसी लाइसेंस पर रेस्टोरेंट का संचालन भी किया जा रहा था।

लाइसेंस में मीट एवं मीट उत्पाद, इंडियन स्वीट्स, बेकरी तथा सीरियल एवं सीरियल उत्पाद जैसी खाद्य श्रेणियों का अनुमोदन नहीं कराया गया था। इसके अलावा बदले हुए नामित व्यक्ति का लाइसेंस में संशोधन नहीं कराया गया था। फूड टेस्ट रिपोर्ट, इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल का रिकॉर्ड तथा आंतरिक एवं बाहरी ऑडिट से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए अलग-अलग सेक्शन नहीं पाए गए। एक ही बर्तन में वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे।

इन अनियमितताओं के चलते वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने अग्रिम आदेश तक संबंधित खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगा दी। मौके से पनीर और हींग के दो विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान नॉन-वेज डीप फ्रीजर में वेज खाद्य पदार्थ रखे मिले। वहीं सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च और पनीर का इस्तेमाल किया जा रहा था। ग्राहकों को दिए जाने वाले फूड बिल पर अनिवार्य 14 अंकीय बिल अंकित नहीं था। इन कमियों पर सुधार नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर कमियां दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

मौके पर सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च, पनीर और नॉन-वेज डीप फ्रीजर में रखे उबले चने समेत करीब 5 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने लक्सर नगर की डेयरियों, नमकीन निर्माण इकाइयों और किराना दुकानों का निरीक्षण किया। यहां खुले पनीर, खुले नमकीन और पैक्ड फ्रूट ड्रिंक के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। साफ-सफाई एवं स्वच्छता के मानकों का पालन न करने, खाद्य लाइसेंस का नवीनीकरण न कराने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर एक नमकीन निर्माण इकाई और दो किराना दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।

वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा ने पुरुषार्थी मार्केट, निर्मला छावनी रोड और शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। मैसर्स अशोका प्रोविजन स्टोर से धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य लाइसेंस के स्थान पर खाद्य पंजीकरण के आधार पर कारोबार संचालित करने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस भी दिया गया। दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न डेयरियों और दुग्ध विक्रेताओं से खुले दूध के तीन नमूने लिए गए। पांव धोई, ज्वालापुर स्थित चांद डेयरी से देसी घी, जबकि खन्ना नगर स्थित गुर्जर डेयरी और न्यू शिव डेयरी से पनीर के दो नमूने लिए गए। इस प्रकार जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कुल 13 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए।



