जिला योजना की धनराशि शत-प्रतिशत खर्च करने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जिला योजना के विकास कार्यों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला योजना के तहत स्वीकृत धनराशि का शत-प्रतिशत समयबद्ध व्यय सुनिश्चित करने को कहा। धीमी प्रगति वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।

साथ ही सभी विभागों को यूकेगेम्स पोर्टल पर अपनी परिसंपत्तियों का विवरण जल्द अपलोड करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



