उत्तराखंड

जनसुनवाई में 65 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 65 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित अन्य समस्याएं सामने आईं। पीतपुर निवासी ईसमपाल ने सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से दीवार खड़ी कर कब्जे का प्रयास किए जाने की शिकायत की। वहीं दीपगंगा अपार्टमेंट के निवासियों ने बिल्डर द्वारा वादे के अनुरूप मंदिर, कम्युनिटी सेंटर, स्विमिंग पूल, पार्क और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

सलेमपुर क्षेत्रवासियों ने जर्जर मुख्य सड़क के निर्माण की मांग भी रखी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी दिए निर्देश:

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क करने और आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर समस्या का समाधान करने को कहा। सीएम हेल्पलाइन पर 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों में एल-1 स्तर पर 259 और एल-2 स्तर पर 97 शिकायतें लंबित पाई गईं। अधिकारियों को इनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button