उत्तराखंड

नगर निगम बोर्ड बैठक में हंगामा, पुराने प्रस्तावों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पार्षदों का विरोध

उषा ब्रेको की समयसीमा बढ़ाने की मांग बोर्ड ने ठुकराई, सदन में पुराने प्रस्तावों की प्रतियां जलाकर जताया विरोध

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार की बोर्ड बैठक सोमवार को टाउन हॉल में शुरू होते ही हंगामे में बदल गई। उषा ब्रेको की ओर से समयसीमा बढ़ाने के अनुरोध को बोर्ड ने अस्वीकार कर दिया। वहीं, पिछली बैठकों में पारित प्रस्तावों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्षदों ने जमकर विरोध किया। कांग्रेस पार्षद पुराने प्रस्तावों की प्रतियां लेकर सदन में पहुंचे और विरोध स्वरूप कुछ प्रतियां सदन में ही जला दीं। पार्षदों का आरोप था कि बोर्ड बैठकों में जनसमस्याओं से जुड़े प्रस्ताव पारित होने के बावजूद उन पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रस्तावों की प्रगति और लंबित मामलों की स्थिति सदन के सामने रखने की मांग की।

बैठक से पहले नगर निगम में मनोनीत 12 पार्षदों का शपथ ग्रहण हुआ। मंत्री मदन कौशिक ने मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाई। इसके बाद मेयर किरन जैसल और मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार की मौजूदगी में बोर्ड की नियमित कार्यवाही शुरू हुई। कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस पार्षदों ने पुराने प्रस्तावों को लेकर विरोध शुरू कर दिया। बैठक में बंदरों, आवारा पशुओं और सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। पार्षदों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। हंगामे और विरोध के बीच बोर्ड बैठक की कार्यवाही आगे जारी रही।

Related Articles

Back to top button