उत्तराखंड

दोहरे हत्याकांड का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर की थी हत्या, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में बहन और उसके प्रेमी की हत्या के मामले में वांछित आरोपी अमन उर्फ भरोसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर 2026 को अमन उर्फ भरोसी ने अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव की ओर आ रहा है।

नहर पुल पिकेट पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर भागने लगा। चेतावनी के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बहन के प्रेम प्रसंग के चलते बदनामी की आशंका में दोनों की हत्या करने की बात बताई है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Back to top button