उत्तराखंड

हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष को गोली मारी, हमलावर फरार

मेले में हुए विवाद के बाद फायरिंग की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार को बाइक सवार दो हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मार दी। गोली उनके कंधे में लगी। घायल विशाल को रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी है। जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय विशाल चौहान पुत्र प्रवीण चौहान मंगलवार शाम कार से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

मेले में विवाद के बाद फायरिंग की आशंका
प्रारंभिक जांच में सोमवार रात पनियाला गांव में आयोजित मेले के दौरान हुए विवाद और मारपीट को मंगलवार की फायरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है। घायल पक्ष की ओर से राजनीतिक दल से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों पर हमले का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button