मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना में एसएमजेएन कॉलेज के छह विद्यार्थी चयनित
दोनों वित्तीय वर्षों में लगातार तीन-तीन विद्यार्थियों का हुआ चयन

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज, हरिद्वार के छह मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्तराखंड सरकार की ‘मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए चयन हुआ है। दोनों वर्षों में लगातार तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन होना महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पुरस्कार विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि लगातार दो वर्षों में तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन महाविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे पुरस्कार विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य के लक्ष्यों के प्रति प्रेरित करते हैं। चयनित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन, प्राचार्य एवं शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि पुरस्कार राशि आगे की पढ़ाई और उच्च शिक्षा में उपयोगी साबित होगी।



