10.75 लाख रुपये की वसूली, दो स्टोन क्रशरों समेत आठ कनेक्शन काटे

कलयुग दर्शन (24×7)
सोहन लाल (संवाददाता)
हरिद्वार। बिजली बिल के बकायादारों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने सघन अभियान चलाया। बुधवार को सुल्तानपुर सर्किल में चलाए गए अभियान के दौरान निगम की टीम ने एक ही दिन में 10 लाख 75 हजार रुपये की बकाया वसूली की। बिल जमा नहीं करने पर दो स्टोन क्रशरों समेत आठ उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। उपखंड अधिकारी गिन्नी रानी के नेतृत्व में टीम ने सुल्तानपुर-आदमपुर नगर पंचायत के साथ झीवरहेड़ी, पचेवली, निहेंदपुर और टांडा महतौली गांवों में मोबाइल कैंप लगाए। टीम ने बकायादारों को मौके पर ही बिल जमा करने के निर्देश दिए।

भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए। दो स्टोन क्रशरों पर लाखों रुपये का बकाया था। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं करने पर दोनों क्रशरों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। एसडीओ गिन्नी रानी ने कहा कि बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अवर अभियंता पवन सक्सेना ने बताया कि बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली के लिए क्षेत्र में लगातार कैंप लगाए जा रहे हैं।



