उत्तराखंड

नाबालिगों के वाहन चलाने पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 20 स्कूटी-मोटरसाइकिल सीज

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सड़क सुरक्षा के मद्देनजर परिवहन विभाग ने जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों और आसपास विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा चलाए जा रहे दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज की गईं। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। इस दौरान विद्यालय प्रशासन से भी वार्ता की गई। प्रधानाचार्यों ने बताया कि अभिभावकों को पहले ही नाबालिग बच्चों को स्कूटी या मोटरसाइकिल से स्कूल न भेजने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहन लेकर स्कूल पहुंच रहे थे और उन्हें आसपास की गलियों में खड़ा कर रहे थे।

परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 वाहन सीज किए। संबंधित अभिभावकों को कार्रवाई की जानकारी देकर बच्चों के लिए सुरक्षित एवं वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण मौजूद रहे। परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित आयु और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। विभाग ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button