नगर निगम की कार्यप्रणाली सुधारने की मांग, पार्षद ने महापौर को सौंपा पत्र

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर के पार्षद अहसान अंसारी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग को लेकर महापौर को पत्र सौंपा। पार्षद ने हाउस टैक्स विभाग में ज्वालापुर और हरिद्वार जैसे बड़े क्षेत्रों की जिम्मेदारी एक ही लिपिक को दिए जाने पर आपत्ति जताते हुए दोनों क्षेत्रों के लिए अलग-अलग लिपिक नियुक्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे कर संबंधी कार्यों का समयबद्ध निस्तारण हो सकेगा। उन्होंने नगर निगम के विभिन्न विभागों में आने वाले पार्षदों के लिए उचित बैठने की व्यवस्था और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।

साथ ही सैनिटेशन सेल में सफाई निरीक्षक संजय शर्मा से संपर्क नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से समय पर संपर्क सुनिश्चित करने की मांग की। पार्षद ने महापौर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण की मांग की।



