सपा ने गांधी जयंती पर दी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
महंत शुभम गिरी के नेतृत्व में हुआ कार्यक्रम, राजपाल कश्यप ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। गांधी जयंती के अवसर पर सपा प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ललतारौ पुल स्थित कार्यालय पर महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप भी मौजूद रहे। महंत शुभम गिरी, वरिष्ठ सपा नेता मशकूर कुरैशी और डा. राजेंद्र पाराशर ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। पत्रकारों से वार्ता करते हुए राजपाल कश्यप ने भाजपा पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध की आवाजों को दबाया जा रहा है और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं में भी उचित सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं के पूरी तरह तैयार होने की बात कही। प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है। महंगाई और बेरोजगारी बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए सपा जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बेहतर प्रदर्शन करेगा। इस अवसर पर डा. राजेंद्र पाराशर, मशकूर कुरैशी, विजय कश्यप, बीके कश्यप, अजय अग्रवाल, मंगल सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



