48 घंटे में आदित्य राणा हत्याकांड का खुलासा, तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
विवाद सुलझाने के बहाने घर बुलाकर हत्या का आरोप, तमंचा व खोखा बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपितों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों का मृतक से पहले से विवाद चल रहा था। विवाद सुलझाने के बहाने आदित्य को घर बुलाया गया, जहां कथित तौर पर तीनों ने उस पर तमंचे से फायर कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, एक अक्टूबर को सागर पुत्र रविन्द्र राणा निवासी भगवानपुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई आदित्य उर्फ आदि राणा को अनिल शर्मा, उसके पुत्र राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की ने अपने घर बुलाया और देशी तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपितों तक पहुंची पुलिस
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक ने चार पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संभावित रास्तों पर निगरानी के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को तीनों आरोपितों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद करने का भी दावा किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनिल शर्मा पुत्र रामपाल, राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की पुत्रगण अनिल शर्मा, निवासी प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।



