धर्म सत्ता के बिना अधूरी है राजसत्ता: श्रीमहंत रविंद्रपुरी
कुंभ की तैयारियों और सामाजिक मुद्दों पर हुई चर्चा

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी ने निरंजनी अखाड़े में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज से भेंट की। इस दौरान श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि धर्म सत्ता के बिना राजसत्ता अधूरी है। प्राचीन काल से धर्मगुरुओं के मार्गदर्शन में राजसत्ता ने जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले में विभिन्न अखाड़ों के संत-महापुरुषों के शिविरों से आध्यात्मिक संदेश पूरे विश्व को मार्गदर्शन देंगे। मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कुंभ के भव्य आयोजन के लिए लगातार तैयारियां कर रही है और संतों व श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचने की बात कही। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का दावा किया। इस अवसर पर श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महंत राज गिरी सहित कई संत-महंत मौजूद रहे।



