सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज
15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य, राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत और डामरीकरण कार्य जारी

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रुड़की द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-334ए के पदार्था क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों पर मरम्मत, पेंचवर्क और डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की सुरेश तोमर ने बताया कि क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। कार्य में तेजी लाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। सड़कों के गड्ढामुक्त होने से स्थानीय लोगों के साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में हरिद्वार जनपद में भी सड़क मरम्मत और पेंचवर्क का कार्य प्राथमिकता से कराया जा रहा है।



