श्मशान घाट से तीन संदिग्ध तांत्रिक हिरासत में
ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ जारी

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। धर्म और आस्था की आड़ में लोगों को तंत्र-मंत्र एवं कथित धार्मिक उपायों से निजी और घरेलू समस्याओं का समाधान कराने का झांसा देने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर थाना पुलिस ने मेहवड़कलां स्थित श्मशान घाट से तीन संदिग्ध तांत्रिक भेषधारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को तंत्र-विद्या, अंधविश्वास व अन्य कथित धार्मिक उपायों के जरिए समस्याओं का समाधान कराने का प्रलोभन देते थे।

पुलिस ने तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपितों की पहचान इरशाद पुत्र याकूब निवासी रामपुर चुंगी, वार्ड नंबर-9, रुड़की; उस्मान मलिक पुत्र जुल्फुकार निवासी रामपुर चुंगी, हसन कॉलोनी, रुड़की तथा उस्मान पुत्र फुरकान निवासी रामपुर चुंगी, वार्ड नंबर-11, टाटा कंपनी के पीछे, रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि धर्म और आस्था की आड़ में लोगों को भ्रमित कर उनकी भावनाओं का गलत लाभ उठाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।



