वरिष्ठजनों को किया सम्मानित, समाज की धरोहर बताया
वृद्धजन सम्मान समारोह में सामाजिक योगदान के लिए बुजुर्गों का सम्मान

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन सम्मान दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन की ओर से ज्वालापुर इंटर कॉलेज परिसर में वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने वरिष्ठ नागरिक श्याम सिंह और मूक-बधिर रामबचन गुप्ता को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। संगठन की ओर से जन्मदिन वाले सदस्यों को भी शुभकामनाएं दी गईं। मुख्य अतिथि धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि वरिष्ठजन समाज और देश की धरोहर हैं। वे परिवार में संस्कार, अनुभव और भावनात्मक शक्ति के प्रमुख स्रोत हैं।

सभी को अपने बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व में संगठन बुजुर्गों के अधिकारों के साथ-साथ सामाजिक हितों के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। संगठन अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि वरिष्ठजनों के समाज के प्रति योगदान को सम्मान देने के लिए प्रतिवर्ष समारोह आयोजित किया जाता है। उपाध्यक्ष विद्यासागर गुप्ता ने संगठन की जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में महामंत्री बाबूलाल सुमन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।



