उत्तराखंड

दो नशा तस्कर गिरफ्तार, गांजा व 15 नशीले इंजेक्शन बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने दो नशा तस्करों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो किलो से अधिक गांजा, 15 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और 3170 रुपये की नकदी बरामद की है। इंजेक्शन की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। पुलिस के अनुसार, पांच अक्टूबर को सुमननगर में चेकिंग के दौरान मोहम्मद फैजान (19) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो किलो से अधिक गांजा और बिक्री से प्राप्त 2000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में फैजान ने बताया कि वह सलेमपुर गंदे नाले के पास नाई की दुकान चलाता है और अपने साथी से गांजा लेकर ग्राहकों को बेचता था। मामले में फैजान और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, रात में फाउंड्री गेट से धीरवाली जाने वाली सड़क के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार मोहम्मद आदिल (26) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 15 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और बिक्री से प्राप्त 1170 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आदिल ने बताया कि उसने 25 इंजेक्शन 1250 रुपये में खरीदे थे, जिनमें से 10 इंजेक्शन 250 रुपये प्रति इंजेक्शन के हिसाब से बेच चुका था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। दोनों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है। पुलिस अब कथित सप्लायरों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button