उत्तराखंड

बिल्केश्वर में 6.5 किमी लंबा फुटपाथ बनेगा, पैदल आवाजाही होगी सुगम

स्थानीय निवासियों ने विकास कार्यों की सराहना कर राज्य सरकार का जताया आभार

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बिल्केश्वर क्षेत्र में अवस्थापना विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। मंगलवार को बिल्केश्वर कॉलोनी के प्रतिनिधिमंडल ने मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका से मुलाकात कर क्षेत्र में चल रहे सड़क, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यों के लिए राज्य सरकार का आभार जताते हुए क्षेत्र में सुविधाओं के और विस्तार की मांग की। हरिद्वार सहकारी गृह निर्माण समिति की अध्यक्ष अंजना चड्ढा, सचिव महेंद्र अरोड़ा और कोषाध्यक्ष संजीव वर्मन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि फुटपाथ बनने से स्थानीय निवासियों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर पैदल आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे बिल्केश्वर क्षेत्र मॉर्निंग वॉक के लिए भी बेहतर स्थान के रूप में विकसित हो सकेगा। प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना की लागत को लेकर गलत और बढ़ा-चढ़ाकर जानकारी प्रसारित किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की भ्रामक जानकारी से लोगों में भ्रम पैदा होता है। बताया गया कि कुंभ मेला-2027 के तहत भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मां मंसा देवी मार्ग तक करीब 6.5 किलोमीटर लंबा पैडेस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ बनाया जा रहा है।

परियोजना के लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें रेज्ड फुटपाथ, दोनों ओर पेव्ड शोल्डर, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, मां मंसा देवी मार्ग का सुधारीकरण, केसी नालियों का निर्माण तथा आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण समेत अन्य कार्य शामिल हैं। मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्थानीय नागरिकों की दीर्घकालीन जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की गई है। प्रतिनिधिमंडल में वीरेंद्र कुमार चड्ढा, विवेक मिश्रा, भारत केसवानी, गंगा सिंघल और रणजीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button