मुस्लिम पार्षद अहसान अंसारी ने किया मां वैष्णो मंदिर का उद्घाटन
नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिर में शुरू हुई विशेष साधना, हिंदू-मुस्लिम एकता और धार्मिक सद्भाव का दिया संदेश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। धर्म, आस्था और इंसानियत का संगम हरिद्वार के वार्ड 44 स्थित त्रिमूर्ति नगर के आनंद विहार में देखने को मिला। नवरात्रि के प्रथम दिन श्री राम निस्वार्थ सेवा समिति की ओर से साक्षात श्री मां वैष्णो चमत्कारी मंदिर का उद्घाटन पार्षद अहसान अंसारी के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता ने आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया। मंदिर का उद्घाटन धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सौहार्द की मिसाल भी बना। आयोजकों ने पार्षद अहसान अंसारी को उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया और उनके हाथों मंदिर का शुभारंभ कराया। इस पहल को क्षेत्र में आपसी विश्वास और मिल-जुलकर रहने की भावना से जोड़कर देखा गया। आयोजन ने संदेश दिया कि सभी धर्मों के लोगों को एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में पूज्य माता दीपकला नंदा देवी ने विशेष साधना भी प्रारंभ की।

आयोजकों के अनुसार, उन्होंने कीलों की चौकी पर लेटकर तथा पेट पर रखी हांडी के ऊपर दीपक प्रज्वलित कर साधना शुरू की। यह साधना नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह छह बजे से अगले दिन सुबह चार बजे तक चलेगी। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष दीपक राम, रणवीर सैनी, चौधरी राजवीर सिंह, सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक अर्जुन लाल, सतीश जी, अखिल कुमार, रोहन बिरला सहित अनेक स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर उद्घाटन के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी सामने आया। आयोजन में पार्षद अहसान अंसारी की सहभागिता ने यह रेखांकित किया कि समाज में भाईचारा बनाए रखने के लिए सभी वर्गों की भागीदारी और एक-दूसरे के प्रति सम्मान आवश्यक है।



